सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के मिर्जापुर थाना क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग से जुड़ा हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक रात करीब 11:30 बजे विवाहिता प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा, जहां महिला के परिजनों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि युवक को रस्सियों से बांधकर उल्टा लटका दिया गया और उसके साथ मारपीट की गई। घटना का वीडियो भी बनाया गया, जिसमें युवक रस्सी के सहारे उल्टा लटका दिखाई दे रहा है। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला सामने आने के बाद एक और गंभीर आरोप सामने आया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि युवक को छोड़ने और विवाद खत्म करने के एवज में 5 लाख रुपये की मांग की गई थी। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल इस रकम के लेनदेन या मांग की पुष्टि नहीं की है। रिपोर्टों के मुताबिक, घटना के बाद पुलिस युवक को थाने ले गई थी और दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ था। अब वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस पूरे मामले की दोबारा जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने और जांच में आरोप सही पाए जाने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
