आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल के निर्देशानुसार नगर निगम द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के उल्लंघन पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। जोन क्रमांक 22, वार्ड क्रमांक 36, बायपास क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान शेरेटन होटल में गीले कचरे का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निपटान नहीं किया जाना पाया गया। परिसर में उपलब्ध OWC मशीन का उपयोग कर गीले कचरे से खाद भी तैयार नहीं की जा रही थी।अनियमितताओं के चलते नगर निगम ने होटल पर 2 लाख 50 हजार रुपये का स्पॉट फाइन किया और गीले कचरे का नियमानुसार प्रसंस्करण एवं निपटान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निगम ने स्पष्ट किया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
