इंदौर | खबर सत्याग्रह
दीपावली से पहले पटाखों के सुरक्षित भंडारण और बिक्री को लेकर इंदौर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में राऊ तहसील के ग्राम पिगडंबर स्थित सुंदरम पटाखा एजेंसी के गोदाम को सुरक्षा मानकों की अनदेखी और नियमों के उल्लंघन के चलते सील कर दिया गया।
प्रशासन के अनुसार, एसडीएम राऊ लोकेंद्र सिंह सरल के निर्देशन में राजस्व विभाग की टीम ने गोदाम का निरीक्षण किया। इस दौरान सामने आया कि गोदाम तक पहुंचने का रास्ता काफी संकरा है, जिससे आगजनी या अन्य आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड जैसे बड़े वाहनों को पहुंचने में परेशानी हो सकती है। इससे राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित होने की आशंका जताई गई।
निरीक्षण के दौरान गोदाम में पटाखों का भंडारण करने के साथ बिक्री किए जाने की स्थिति भी सामने आई। प्रशासन ने इसे निर्धारित नियमों और लाइसेंस की शर्तों के विपरीत पाया। विस्फोटक संबंधी सुरक्षा प्रावधानों के पालन में भी अनियमितताएं सामने आने पर टीम ने तत्काल गोदाम को सील कर दिया।
यह कार्रवाई नायब तहसीलदार राऊ धीरज सोनी एवं राजस्व विभाग की टीम की मौजूदगी में की गई।
कलेक्टर ने कारोबारियों को दी सख्त चेतावनी
कलेक्टर शिवम वर्मा ने स्पष्ट किया कि दीपावली के दौरान जनहानि और आगजनी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए पटाखा कारोबारियों को सुरक्षा मानकों तथा लाइसेंस की शर्तों का पालन करना अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी करने वाले संचालकों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
