इंदौर। क्राइम ब्रांच ने MD ड्रग्स तस्करी के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी अमन पटेल (26) निवासी देवास को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अब तक कुल 5 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। आरोपी से ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है।पुलिस के मुताबिक, 30 जून 2026 को स्कीम नंबर 134 स्थित दस्तूर डिलाइट गार्डन के पीछे क्राइम ब्रांच ने महिंद्रा थार वाहन से 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से 23.73 ग्राम MD ड्रग्स, जिसकी कीमत करीब 2.30 लाख रुपए है, और करीब 19 लाख रुपए कीमत का वाहन जब्त किया गया था। मामले में फरहान शेख, अतीक उर्फ तौफीक खान, अमान उर्फ फैजान खान और फरहान खान को पहले गिरफ्तार किया जा चुका था।पूछताछ और बैकवर्ड ट्रेसिंग के दौरान देवास निवासी अमन पटेल का नाम सामने आया था। वह फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। अमन 12वीं पास है और अलमारी व फर्नीचर बनाने का काम करता है। क्राइम ब्रांच ने उसे गिरफ्तार कर प्रकरण में NDPS एक्ट की धारा 8/29 भी बढ़ाई है। अब आरोपी से ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क और अन्य संपर्कों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।क्राइम ब्रांच के अनुसार, 1 जनवरी 2026 से अब तक NDPS एक्ट के तहत 98 मामलों में 215 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान करीब 4.68 करोड़ रुपए का मशरूका जब्त किया जा चुका है।
