इंदौर में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जूनी इंदौर थाना पुलिस ने एक बीटेक छात्र को 518 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी दिन में इंजीनियरिंग की पढ़ाई करता था, जबकि रात में अफीम बेचने की तैयारी में जुटा हुआ था।पुलिस के अनुसार 22 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जॉनसन आइसक्रीम फैक्ट्री के पास रेलवे पटरी किनारे एक युवक संदिग्ध हालत में खड़ा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और युवक को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से 518 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोविन्द पाटीदार (20) निवासी नीमच के रूप में हुई है, जो फिलहाल इंदौर के तेजाजीनगर क्षेत्र में किराए से रहकर एक निजी विश्वविद्यालय में बीटेक (कम्प्यूटर साइंस) की पढ़ाई कर रहा था।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने तेजाजीनगर में “रॉयल लीफ” नाम से चाय कैफे खोला था, लेकिन व्यवसाय में नुकसान होने और बढ़ते कर्ज के कारण वह आर्थिक संकट में आ गया। अपने महंगे शौक पूरे करने और कर्ज चुकाने के लिए उसने यह गलत रास्ता चुना और नीमच से अफीम लाकर इंदौर में बेचने की योजना बनाई।जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का परिवार लाइसेंसशुदा अफीम खेती से जुड़ा है, जहां से वह चोरी-छिपे अफीम लेकर आया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह किसी नेटवर्क से जुड़ा था या अकेले ही तस्करी शुरू कर रहा था।पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई में शामिल टीम की सराहना की है।
