(खबर सत्याग्रह)इंदौर। श्री हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर रोबोट चौराहा एमआर-9 स्थित श्री चिंतामन हनुमान मंदिर से 1 अप्रैल को विशाल एवं भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।शोभा यात्रा में भक्तों द्वारा जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के साथ नाचते-गाते हुए यात्रा में शामिल हुए, जिससे माहौल पूरी तरह धार्मिक रंग में रंग गया।मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित शैलेंद्र मिश्रा ने बताया कि श्री चिंतामन हनुमान सभी भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। उन्होंने बताया कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी भक्तों के सहयोग से शोभा यात्रा एवं अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया है। यह शोभा यात्रा अपने 29वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है, जो श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का प्रतीक है।आयोजन समिति द्वारा जानकारी दी गई कि 10 अप्रैल 2026, शुक्रवार को विशाल भंडारे का आयोजन भी रखा गया है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
