रैली निकालकर किया प्रवेश उत्सव का आयोजन
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के नारों से गूंजा गांव, शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश
(खबर सत्याग्रह)इंदौर। ग्राम तलावली चांदा स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय में मीनाक्षी सेवा समिति एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण इंदौर के संयुक्त तत्वावधान में “स्कूल चले हम” अभियान के तहत स्कूल प्रवेश उत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष बलराम सोनी की उपस्थिति में विद्यार्थियों की जागरूकता रैली निकाली गई।रैली के माध्यम से बच्चों और ग्रामीणों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। बलराम सोनी ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा इस वर्ष बच्चों को स्कूल से जोड़ने के उद्देश्य से प्रवेश उत्सव मनाने का निर्णय लिया गया है, जिसके तहत यह आयोजन किया गया।कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पीएलवी शंकरलाल पोरवाल एवं रविशंकर भाटिया द्वारा “न्याय उत्सव” भी मनाया गया और बच्चों को उनके अधिकारों की जानकारी दी गई। रैली के दौरान “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” और “बेटी पढ़ेगी, नया भारत गढ़ेगी” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।इस आयोजन में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित कुल 32 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और पूरे उत्साह के साथ रैली में शामिल हुए।कार्यक्रम के दौरान कक्षा सातवीं की एक बालिका खुशी को एकल परिवार योजना के तहत पोषण देखरेख पेंशन योजना का लाभ दिलाने हेतु आवश्यक पीडीएफ फॉर्म प्रधानाध्यापक श्रीमती मीनाक्षी धूते को सौंपा गया। इस योजना के अंतर्गत बालिका को 18 वर्ष की आयु तक प्रतिमाह 4000 रुपये की पेंशन प्राप्त होगी, जिसके लिए निर्धारित समय में दस्तावेज जमा करना आवश्यक रहेगा।कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय स्टाफ एवं मीनाक्षी सेवा समिति के अध्यक्ष बलराम सोनी का विशेष सहयोग सराहनीय रहा।
