
(खबर सत्याग्रह)इंदौर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मिलावट और अनियमितताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बिना वैध पंजीयन संचालित इकाई को बंद करा दिया। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने राऊ स्थित रमापति विहार में मेसर्स नीलकंठ गृह उद्योग का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान लगभग 3000 किलोग्राम कच्चे आलू चिप्स और आलू लच्छा मानव उपभोग के लिए भंडारित पाए गए। मौके पर मौजूद प्रभारी मुकेश कुरोची ने बताया कि यह सामग्री सिमरोल रोड, सुतारखेड़ी (महू) स्थित फैक्ट्री में तैयार की जाती है। जांच में सामने आया कि प्रतिष्ठान के पास कोई वैध खाद्य पंजीयन नहीं था। इस पर टीम ने कच्चे आलू उत्पादों के 5 नमूने जांच के लिए लिए और प्रकरण दर्ज करते हुए पंजीयन प्राप्त होने तक खाद्य कारोबार बंद करा दिया।इसी कार्रवाई के तहत लक्ष्मीबाई नगर स्थित श्री लक्ष्मी प्रोडक्ट का भी निरीक्षण किया गया, जहां साफ-सफाई और सुरक्षा मानकों का पालन संतोषजनक पाया गया। यहां से बटरस्कॉच, पिस्ता और वनीला फ्लेवर फ्रोजन डेजर्ट के 3 नमूने जांच के लिए लिए गए।वहीं, कैट रोड स्थित श्री बालाजी आइसक्रीम इकाई का निरीक्षण कर विभिन्न आइसक्रीम और कैंडी के 4 नमूने एकत्र किए गए। यहां साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।इसके अलावा पालदा स्थित गणेश ऑयल इंडिया से सोयाबीन तेल के 2 नमूने लिए गए हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित मामलों में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने साफ किया है कि खाद्य सुरक्षा को लेकर इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
