पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल, डीजल और गैस का सोच-समझकर इस्तेमाल करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से आयात होने वाले कच्चे तेल पर निर्भर है, इसलिए ईंधन बचाना आज देशहित में बेहद जरूरी है।पीएम मोदी ने लोगों से एक साल तक सोने के नए गहने नहीं खरीदने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सोने के आयात पर देश की बड़ी विदेशी मुद्रा खर्च होती है। साथ ही उन्होंने वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन मीटिंग और कम यात्रा को बढ़ावा देने की बात कही, ताकि ईंधन की खपत कम हो सके।प्रधानमंत्री ने किसानों से सस्ती खाद का सही उपयोग करने और देशवासियों से ऊर्जा बचत में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने भरोसा जताया कि जनभागीदारी से भारत वैश्विक संकट का मजबूती से सामना कर सकेगा।
