
इंदौर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल में रविवार देर रात एक पीजी डॉक्टर की मौत हो गई। डॉक्टर का शव हॉस्टल की पांचवीं मंजिल से गिरने के बाद हॉस्टल परिसर में मिला। घटना के बाद परिसर में सनसनी फैल गई।जानकारी के अनुसार रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे एमजीएम बॉयज हॉस्टल परिसर के ब्लॉक नंबर-5 के पास डॉक्टर का शव मिला। सूचना मिलने पर संयोगितागंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।मृतक की पहचान डॉ. अमन पटेल (30) के रूप में हुई है, जो मेडिसिन विभाग में फाइनल ईयर के 2023 बैच के पीजी छात्र थे। कुछ महीनों में उनका पीजी कोर्स पूरा होने वाला था। उन्होंने एमबीबीएस की पढ़ाई जबलपुर से की थी और वे मूल रूप से जबलपुर के रहने वाले थे। उनके पिता का नाम सुशील पटेल बताया गया है।पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या और हादसा, दोनों बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।एमजीएम मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने बताया कि डॉ. अमन पटेल शांत, होनहार और समर्पित छात्र थे। उनके निधन से कॉलेज और चिकित्सा क्षेत्र में शोक का माहौल है।डॉ. अमन के दोस्त डॉ. प्रकल्प गुप्ता ने बताया कि अमन उनके बहुत अच्छे दोस्त थे। दोनों ने जबलपुर से साथ में एमबीबीएस की पढ़ाई की थी। उन्होंने कहा कि अमन प्रोफेशनली बहुत साउंड और शांत स्वभाव के थे और घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्हें गहरा दुख हुआ है।
