बोरिंग का कनेक्शन काटकर विद्युत विभाग ने जनता को प्यासा करने की ठानी?
इंदौर में भीषण जल संकट के बीच एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुदामा नगर डी सेक्टर स्थित सरकारी बोरिंग से विद्युत मंडल द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना के सरकारी मीटर ही निकाल दिया गया। हैरानी की बात यह है कि जिस बोरिंग से क्षेत्र की जनता को पानी पहुंचाया जा रहा था, उसी का बिजली कनेक्शन अचानक बंद कर दिया गया।वार्ड क्रमांक 82 के पार्षद एवं झोन क्रमांक 14 के अध्यक्ष नितिन (शानू) शर्मा ने इस कार्रवाई को जनता के हितों पर सीधा हमला बताया। उनका कहना है कि एक तरफ लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए परेशान हैं, दूसरी तरफ जिम्मेदार विभाग ऐसे फैसले लेकर हालात और बिगाड़ रहे हैं।स्थानीय लोगों में भी इस कार्रवाई को लेकर भारी नाराज़गी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि जब पूरा शहर पानी संकट से जूझ रहा है, तब बिना सूचना मीटर निकालना किसी “जनसेवा” से ज्यादा “जनता को सबक सिखाने” जैसा लग रहा है।इस पूरे मामले का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग विद्युत मंडल की कार्यप्रणाली पर तंज कसते नजर आ रहे हैं। कई यूजर्स ने इसे “पानी संकट में प्रशासन का सबसे बड़ा मजाक” तक बता दिया।
