सिगनूर गांव के जंगल में पुलिस की दबिश, 13 हथियार और बड़ी मात्रा में निर्माण सामग्री जब्त, नेटवर्क की जांच जारी
खरगोन जिले में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गोगांवा थाना क्षेत्र के सिगनूर गांव में संचालित एक अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। गोगांवा और सनावद पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर सिगनूर गांव के जंगल में रूपा नदी के किनारे दबिश देकर पांच आरोपियों को अवैध हथियार बनाते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।पुलिस ने मौके से 13 अवैध हथियार, जिनमें 9 देशी पिस्टल, 2 देशी कट्टे और 2 अधबनी पिस्टल शामिल हैं, जब्त किए हैं। साथ ही हथियार निर्माण में उपयोग होने वाली बड़ी मात्रा में सामग्री भी बरामद की गई है। जब्त हथियारों और सामग्री की कुल कीमत करीब 2 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास सिंह सिकलीगर, कान्हा सिकलीगर, सूरजसिंह सिकलीगर, गुरूबादलसिंह सिकलीगर और रोशन सिकलीगर, सभी निवासी सिगनूर गांव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से अवैध हथियार बनाकर उनकी बिक्री का कारोबार कर रहे थे।एसपी रविंद्र वर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि वे किन लोगों और गिरोहों को हथियार सप्लाई करते थे तथा उनके नेटवर्क के तार कहां-कहां तक जुड़े हुए हैं। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
