Oplus_131072
भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बाबूलाल गौर की जयंती पर मंगलवार को विधानसभा स्थित सेंट्रल हॉल में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके सार्वजनिक जीवन और जनसेवा को याद किया।मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बाबूलाल गौर मध्यप्रदेश के ऐसे जननेता थे, जिन्होंने अपने जनहितैषी कार्यों और सरल व्यक्तित्व से लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया। उन्होंने कहा कि गौर जी सदैव मार्गदर्शक और आशीर्वाददाता की भूमिका में रहे तथा राज्य सरकार उनके बताए आदर्शों और मार्ग का अनुसरण करते हुए प्रदेश के विकास एवं जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबूलाल गौर ने अपने राजनीतिक जीवन में विभिन्न जनआंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाकर राष्ट्रसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। प्रदेश के 16वें मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने विकास और जनकल्याण के अनेक कार्य किए, जिन्हें हमेशा याद रखा जाएगा।डॉ. यादव ने विशेष रूप से राजधानी भोपाल के वीआईपी रोड के विकास में बाबूलाल गौर की दृढ़ इच्छाशक्ति और योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह उनके दूरदर्शी नेतृत्व का महत्वपूर्ण उदाहरण है।कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री कृष्णा गौर, विधायक भगवानदास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और गौर परिवार के सदस्यों ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
