Oplus_131072
महू। महू के गैरिसन ग्राउंड के पास गुरुवार को नर्मदा जल प्रदाय की मुख्य पाइप लाइन फूट जाने से हजारों गैलन पानी सड़कों पर बह निकला। देखते ही देखते पूरे क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बन गए और आसपास के कई घरों में पानी घुस गया। घटना के कारण सड़कें जलमग्न हो गईं और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।स्थानीय लोगों के अनुसार पाइप लाइन से पानी का रिसाव पिछले करीब 10 दिनों से हो रहा था। इसकी जानकारी संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ छावनी परिषद को भी दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लापरवाही के चलते गुरुवार को पाइप लाइन अचानक फूट गई और बड़ी मात्रा में पानी बहने लगा।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ ही देर में पूरा मार्ग पानी से भर गया। कई घरों और दुकानों में पानी घुसने से लोगों का सामान भी प्रभावित हुआ। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि यदि शुरुआती रिसाव के दौरान ही मरम्मत कर दी जाती तो इस बड़े नुकसान से बचा जा सकता था।गौरतलब है कि चोरल क्षेत्र में हाल ही में नर्मदा पाइप लाइन से जुड़ी समस्या सामने आने के बाद अब महू शहर में हुई इस घटना ने जलापूर्ति व्यवस्था और रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने और पाइप लाइन की मरम्मत में जुटी हुई है।
