विकास कार्यों में लीपापोती का आरोप, पानी पड़ते ही धुल गया पेंट; जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग तेज
इंदौर। शहर में विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजा मामला उस समय सामने आया जब एक निर्माण कार्य पर किया गया पेंट मामूली पानी पड़ते ही धुल गया। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता और संबंधित एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग गए हैं।मामले की जानकारी मिलने पर नगर निगम की एमआईसी के सदस्य राजेंद्र राठौड़ स्वयं मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि निर्माण कार्य में उपयोग की गई सामग्री और पेंट की गुणवत्ता बेहद खराब थी। पानी की हल्की धार पड़ते ही पेंट उखड़ने और धुलने लगा, जिससे पूरे कार्य की वास्तविकता सामने आ गई।राजेंद्र राठौड़ ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और संबंधित ठेकेदारों से जवाब-तलब करते हुए कहा कि जनता के टैक्स के पैसों से किए जा रहे विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है। नागरिकों का कहना है कि विकास के नाम पर केवल लीपापोती की जा रही है, जबकि गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। लोगों ने मांग की है कि ऐसे मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों को जवाबदेह बनाया जाए ताकि भविष्य में जनता के धन का दुरुपयोग न हो।फिलहाल मामले को लेकर नगर निगम प्रशासन की ओर से जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है।
