
खबर सत्याग्रह | इंदौरकलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर इंदौर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य की शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया। यह कार्रवाई सांवेर तहसील के ग्राम कजलाना में की गई, जहां अज्ञात लोगों द्वारा सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का प्रयास किया गया था।प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कजलाना स्थित खसरा क्रमांक 97/2/1, रकबा 0.70 हेक्टेयर भूमि एमपीआरडीसी द्वारा इंदौर-उज्जैन सिक्स लेन सड़क परियोजना के लिए भू-अर्जन के बाद शासकीय भूमि के रूप में दर्ज है। आरोप है कि 2 जून की रात कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने इस भूमि पर गिट्टी और मुरम डालकर अवैध कब्जा जमाने की कोशिश की।मामले की सूचना मिलते ही कलेक्टर शिवम वर्मा ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। एसडीएम के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची, जहां तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और पटवारी की मौजूदगी में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।राजस्व अमले ने सरकारी भूमि पर डाली गई गिट्टी और मुरम को हटवाकर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। अधिकारियों के अनुसार उक्त भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 2 करोड़ रुपये है।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे या अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन की इस कार्रवाई को सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
