15 लाख रुपये की सुपारी देकर रची गई थी साजिश, सातों आरोपी अब पुलिस गिरफ्त में
इंदौर। राउ थाना पुलिस ने बहुचर्चित नवीन पाटीदार हत्याकांड में बड़ी सफलता हासिल करते हुए हत्या की साजिश में शामिल तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल सभी सात आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।डीसीपी नरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि नवीन पाटीदार की गोली मारकर हत्या की गई थी। शुरुआत में यह मामला अंधे कत्ल के रूप में सामने आया था, लेकिन राउ पुलिस की गहन जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश किया गया।पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि हत्या पुरानी रंजिश के चलते सुनियोजित तरीके से करवाई गई थी। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए दो शूटरों को 15 लाख रुपये की सुपारी दी थी। इसके बाद पूरी योजना बनाकर नवीन पाटीदार की हत्या की गई।मामले की जांच के दौरान मिले महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर पुलिस ने पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। वहीं हाल ही में तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपी हत्या की साजिश और उसके क्रियान्वयन में सीधे तौर पर शामिल थे।राउ थाना पुलिस का कहना है कि मामले में सभी सात आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं और उनसे पूछताछ के आधार पर हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
