उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। ऋणमुक्तेश्वर मंदिर से भर्तहरी गुफा की ओर जा रही आंध्र प्रदेश के श्रद्धालुओं से भरी एक टवेरा गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 9 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन अचानक संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई श्रद्धालु वाहन के अंदर फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया।घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन चालक शराब के नशे में था। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया है।
