गुरुवार दोपहर से युद्धस्तर पर चला मरम्मत कार्य, शुक्रवार दोपहर तक इंदौरवासियों को राहत मिलने की उम्मीद
इंदौर। महू के गैरिसन ग्राउंड के नजदीक फूटी नर्मदा पाइपलाइन को आखिरकार शुक्रवार देर रात दुरुस्त कर दिया गया। पाइपलाइन में आए बड़े लीकेज के कारण इंदौर की जलापूर्ति प्रभावित हुई थी, जिसके बाद नगर निगम और संबंधित विभाग की टीमों ने लगातार युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य किया।जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर से शुरू हुआ मरम्मत कार्य शुक्रवार देर रात तक जारी रहा। लीकेज पूरी तरह ठीक होने के बाद जलूद से इंदौर की ओर नर्मदा जल की पंपिंग दोबारा शुरू कर दी गई है।नगर निगम की जानकारी समिति के अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने बताया कि सुबह चार से पांच बजे तक नर्मदा का पानी इंदौर पहुंच जाएगा। इसके बाद शहर की टंकियों को भरने का काम किया जाएगा और टंकियां भरने के बाद विभिन्न क्षेत्रों में जल वितरण शुरू कर दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि यदि पंपिंग और टंकियां भरने की प्रक्रिया सुचारु रूप से चलती रही तो शुक्रवार दोपहर तक शहरवासियों को पानी की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की संभावना है।उल्लेखनीय है कि पाइपलाइन फूटने से बड़ी मात्रा में पानी बह गया था और कई क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित हुई थी। अब मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद नगर निगम ने जल्द से जल्द सामान्य जल वितरण बहाल करने की तैयारी शुरू कर दी है।
