Oplus_131072
इंदौर। लसूड़िया थाना क्षेत्र के स्कीम नंबर 136 चौराहा स्थित होटल कान्हा श्री के समीप एक इलेक्ट्रिक स्कूटर शोरूम में भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शोरूम के नीचे बने गैरेज में रखी चार्जिंग बैटरी में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़की, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में आने से शोरूम में खड़े कई इलेक्ट्रिक वाहन जलकर खाक हो गए।घटना की सूचना मिलते ही लसूड़िया थाना पुलिस की एफआरवी-16 तत्काल मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। आग लगने के दौरान शोरूम के ऊपर बने होमस्टे फ्लैट्स में एक परिवार फंस गया था। हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए रस्सी की सहायता से परिवार के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। बचाव कार्य में आरक्षक नरेंद्र मंडेलिया, आरक्षक राधेश्याम तथा एफआरवी चालक राजेश यादव की अहम भूमिका रही।इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि कई वाहन जलने से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
