इंदौर। सोशल मीडिया की दुनिया के चर्चित कॉमेडियन और कंटेंट क्रिएटर धर्मेंद्र बिलोटिया का इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड हो गया है। इसकी जानकारी स्वयं धर्मेंद्र बिलोटिया ने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो साझा कर दी। वीडियो में उन्होंने अपने फॉलोअर्स और समर्थकों को अकाउंट सस्पेंड होने की जानकारी देते हुए सहयोग की अपील की है। धर्मेंद्र बिलोटिया के इंस्टाग्राम पर करीब 11 मिलियन (1.1 करोड़) फॉलोअर्स थे। अकाउंट सस्पेंड होने की खबर सामने आते ही उनके प्रशंसकों और सोशल मीडिया क्रिएटर्स के बीच चर्चा शुरू हो गई। कई लोगों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर उनके समर्थन में पोस्ट भी किए हैं। फिलहाल इंस्टाग्राम (मेटा) की ओर से अकाउंट सस्पेंड किए जाने के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, धर्मेंद्र बिलोटिया ने भी अपने वीडियो में सस्पेंशन की जानकारी साझा की है, लेकिन विस्तृत कारण स्पष्ट नहीं किए हैं। धर्मेंद्र बिलोटिया मध्य प्रदेश सहित देशभर में अपने हास्य वीडियो और सोशल मीडिया कंटेंट के लिए लोकप्रिय हैं। उनके अकाउंट के सस्पेंड होने से लाखों फॉलोअर्स निराश हैं और अकाउंट जल्द बहाल होने की उम्मीद जता रहे हैं।
