इंदौर। सोशल मीडिया पर वायरल हुए चाकू लहराने के वीडियो पर चंदन नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने एक राहगीर से नशे के लिए ₹2,000 की मांग की थी और चाकू दिखाकर उसे धमकाने के साथ मारपीट भी की थी।पुलिस ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान फैज़ान उर्फ टिन्ना के रूप में हुई है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद किया गया।पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। फैज़ान आदतन अपराधी और नशे का आदी है, जिसके विरुद्ध पूर्व से 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं।आमजन में कानून के प्रति विश्वास मजबूत करने और अपराधियों में पुलिस का भय स्थापित करने के उद्देश्य से आरोपी का पुलिस अभिरक्षा में पैदल जुलूस भी निकाला गया। इस दौरान आरोपी ने सार्वजनिक रूप से अपने कृत्य पर खेद व्यक्त करते हुए लोगों से माफी मांगी और भविष्य में अपराध न करने का संकल्प लिया।
