इंदौर। शहर के बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित भागीरथपुरा रोड पर देर रात पुरानी रंजिश के चलते हुई चाकूबाजी में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान विशाल उर्फ नानू वर्मा के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।जानकारी के अनुसार, पुरानी दुश्मनी को लेकर हुए विवाद के दौरान विशाल वर्मा पर चाकू से हमला किया गया। पुलिस के मुताबिक हिमांशु बरोड़िया और अमन यादव निवासी मरीमाता ने वारदात को अंजाम दिया है। शुरुआती जांच में दोनों पक्षों के बीच पारिवारिक संबंधों को लेकर लंबे समय से विवाद चलने की बात सामने आई है।घटना की सूचना मिलते ही एसीपी रुबीना मेजबानी और बाणगंगा थाना प्रभारी (टीआई) सियाराम गुर्जर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। वहीं फरार आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
