इंदौर। लसूड़िया थाना क्षेत्र में पटेल मोटर्स के मालिक के घर हुई करीब ₹3 करोड़ की चोरी का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। मामले में घर पर सफाई का काम करने वाले कर्मचारी लक्की उर्फ ऋतु बोरासी को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले करीब एक वर्ष से घर में काम कर रहा था। इस दौरान उसने घर की गतिविधियों और कीमती सामान की पूरी जानकारी जुटा ली थी। मौका मिलते ही उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पूछताछ में आरोपी ने एप्पल आईफोन, चांदी के सिक्के, माता जी का मुकुट, छत्र सहित अन्य कीमती सामान चोरी करना स्वीकार किया है।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके ननिहाल और अन्य ठिकानों से चोरी गया सामान बरामद कर लिया है। बरामद सामग्री में सोने का छत्र, हीरे जड़ा मुकुट, चांदी के सिक्के और अन्य कीमती वस्तुएं शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब ₹3 करोड़ आंकी गई है।पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में लसूड़िया थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं लगातार पूछताछ के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।
