मंगलुरु तट के पास 29 जून 2026 की शाम भारतीय तटरक्षक बल (Indian Coast Guard) ने चुनौतीपूर्ण समुद्री खोज एवं बचाव (SAR) अभियान चलाकर संकट में फंसी भारतीय मछली पकड़ने वाली नाव ‘मंजू माथा’ (IFB Manju Matha) के सभी छह मछुआरों को सुरक्षित बचा लिया।
शाम करीब 4 बजे भारतीय तटरक्षक पोत ICGS Sachet को वीएचएफ रेडियो के माध्यम से संकट का संदेश मिला। सूचना के अनुसार, सूरतकल तट से लगभग 33 समुद्री मील दूर नाव में उफनते समुद्र के कारण पानी भरने लगा था और उसका ढांचा भी क्षतिग्रस्त हो गया था। इससे नाव पर सवार सभी छह मछुआरों की जान खतरे में पड़ गई।
विपरीत मौसम और बेहद कठिन समुद्री परिस्थितियों के बावजूद भारतीय तटरक्षक बल की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफलतापूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और सभी मछुआरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। तटरक्षक बल की इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
