
इंदौर। प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने गुरुवार को सांवेर क्षेत्र के बूढ़ी बरलाई स्थित शिप्रा नदी के निर्माणाधीन घाट का निरीक्षण कर सिंहस्थ-2028 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े सभी इंतजाम समय रहते सुनिश्चित किए जाएं।अधिकारियों ने बताया कि करीब 500 मीटर लंबे आधुनिक घाट का निर्माण लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। यह घाट सिंहस्थ-2028 के दौरान लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक स्नान की व्यवस्था उपलब्ध कराएगा।निरीक्षण के दौरान मंत्री सिलावट ने कहा कि राज्य सरकार सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है। यह घाट न केवल सिंहस्थ मेले के दौरान उपयोगी होगा, बल्कि वर्षभर आसपास के करीब 20 गांवों और देवास क्षेत्र के नागरिकों को भी धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं प्रदान करेगा।मंत्री ने घाट परिसर में विद्युत व्यवस्था, मजबूत रेलिंग, पाइप फव्वारे, सुरक्षा इंतजाम, सुलभ शौचालय, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने और सभी कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप समय पर पूर्ण करने पर जोर दिया।


