इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र स्थित तंजीम नगर में 25 जून को हुई चाकूबाजी की घटना में घायल शानू उर्फ शहनवाज ठेकेदार की मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। वह पिछले 12 दिनों से बॉम्बे अस्पताल में भर्ती था। पुलिस के अनुसार, विवाद के बाद कथित पत्रकार आरिफ बरकाती ने बकरा काटने वाले छुरे से शानू पर कई वार किए थे, जिससे उसके पेट में गंभीर चोट आई थी। आरोपी पहले से न्यायिक हिरासत में जेल में है। अब पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला हत्या में तब्दील कर दिया है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
