
कलेक्टर कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई एक बार फिर जरूरतमंदों के लिए राहत का माध्यम बनी। कलेक्टर शिवम वर्मा ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। जनसुनवाई में 300 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें संपत्ति, चिकित्सा सहायता, रोजगार, पारिवारिक विवाद और अन्य समस्याओं से जुड़े प्रकरण शामिल रहे।जनसुनवाई के दौरान दिव्यांग छात्रा पूजा ने उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता का अनुरोध किया। बीएसडब्ल्यू में 9.8 सीजीपीए प्राप्त कर वर्तमान में एमएसडब्ल्यू की पढ़ाई कर रही छात्रा की प्रतिभा को देखते हुए कलेक्टर ने उसकी शिक्षा के लिए 45 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।दिव्यांग दंपती अपनी पुत्री वैष्णवी रायकवार के साथ जनसुनवाई में पहुंचे और पूर्व में मिली प्रशासनिक सहायता के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बेटी की शिक्षा के लिए सहयोग मांगा, जिस पर कलेक्टर ने तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के उपचार से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता सुधीर माधवानी ने बेहतर इलाज के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस पर कलेक्टर श्री वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके।जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार, रोशन राय, रिंकेश वैश्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याएं सुनीं और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


