मध्य पुलिस के एक पुलिस अफसर का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में है. यह वीडियो खूब वायरल हो रहा है. वीडियो सीहोर के नए एडिशनल एसपी डॉ प्रशांत चौबे का है. वीडियो में वह कथित तौर पर हाथ में नशे की पुड़िया लिए नजर आ रहे हैं और बता रहे हैं कि कैसे इस नशे ने उनके पूरे परिवार को बर्बाद कर दिया. दरअसल यह कोई असली मामला नहीं बल्कि एक्टिंग थी. एएसपी ने एक्टिंग के जरिए जनता को नशे के खिलाफ संदेश दिया कि कैसे नशा परिवारों को बर्बाद कर देता है. सोशल मीडिया पर पुलिस अफसर की एक्टिंग की जमकर तारीफ हो रही है.‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ जागरूकता अभियान के तहत पुलिस समाज में फैले नशे के खात्मे पर जोर दे रही है. यह अभियान 15 जुलाई से शुरू हुआ है और 30 जुलाई तक चलेगा. इस अभियान के तहत हर जिले के पुलिस अफसर जनता को नशे के खिलाफ जागरूक कर रहे हैं. इसी कड़ी में सीहोर के नए एएसपी डॉ प्रशांत चौबे ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह नशेड़ी का किरदार निभा रहे हैं. उन्होंने बताया कि कैसे नशे की पुड़िया ने उनका हंसता-खेलता परिवार तबाह कर दिया. वीडियो के अंत में वह वर्दी में नजर आते हैं और लोगों से नशे से दूर रहने की अपील करते हैं.
