
धार। उज्जैन में महाकाल दर्शन कर गुजरात लौट रहे श्रद्धालुओं की ईको वैन रविवार दोपहर धार जिले के बदनावर में भीषण हादसे का शिकार हो गई। पंचकवासा गांव के पास रॉन्ग साइड से आ रहे लोहे से भरे ट्रॉले ने वैन को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वडोदरा निवासी 6 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।टक्कर इतनी भीषण थी कि ईको वैन पूरी तरह पिचक गई और मृतक उसमें बुरी तरह फंस गए। पुलिस और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद वैन की बॉडी काटकर शवों को बाहर निकाला। घायल युवक को तत्काल बदनावर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।सूचना मिलते ही बदनावर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
