इंदौर। केंद्रीय जेल इंदौर में श्रावण मास के पावन अवसर पर स्थापित शिवलिंग के पंचम वर्ष के उपलक्ष्य में पार्थिव शिवलिंग निर्माण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महानिदेशक, जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, मध्यप्रदेश के नेतृत्व एवं मुख्य आतिथ्य में धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि का जेल अधीक्षक दिनेश नरगावे एवं जेल अधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि ने प्रथम पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर 1.25 लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण महायज्ञ का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में मुख्य यजमान दंपती वरुण कपूर एवं श्रीमती सौम्या कपूर ने शिव स्तोत्र, मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ निर्माण कार्य की शुरुआत की। इस दौरान जेल में निरुद्ध विचाराधीन एवं दंडित बंदियों तथा बंदिनियों द्वारा मुख्य निर्माण स्थल के साथ वार्डों में भी पार्थिव शिवलिंग का निर्माण किया गया।
जेल की भजन मंडली द्वारा शिव स्तुति एवं शिव भजनों की प्रस्तुति दी गई। मंत्रोच्चार के बीच स्थापित शिवलिंग का रुद्राभिषेक भी किया गया। कार्यक्रम में जेल अधीक्षक दिनेश नरगावे, जेल अधिकारी इंद्र सिंह नागर, जेल उप अधीक्षक संतोष कुमार लाडिया, अभिषेक दांगी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस धार्मिक आयोजन में कुल 1000 बंदियों एवं 51 महिला बंदिनियों ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों में आध्यात्मिक एवं सकारात्मक भावनाओं का विकास, मानसिक शांति और आत्मचिंतन को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें सकारात्मक जीवनशैली अपनाकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित करना रहा।
