Oplus_131072
खबर सत्याग्रह। इंदौर के कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में प्रदेश के पहले 14-डी थिएटर का लोकार्पण रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया। 16 अगस्त से यह थिएटर दर्शकों के लिए खोल दिया गया है। यहां मनोरंजन के साथ आधुनिक तकनीक का रोमांचक अनुभव भी मिलेगा। इसके लिए दर्शकों को ₹170 का टिकट लेना होगा। टिकट में भूलभुलैया का आनंद भी शामिल रहेगा।पीपीपी मॉडल के तहत विकसित किए गए इस प्रोजेक्ट पर पिछले वर्ष मार्च में काम शुरू हुआ था। थिएटर के लिए चिड़ियाघर परिसर में लंबे समय से खाली पड़ी जमीन का उपयोग किया गया है। करीब एक महीने तक तकनीकी परीक्षण और ट्रायल के बाद इसे दर्शकों के लिए तैयार किया गया।14-डी थिएटर में दर्शक केवल पर्दे पर दृश्य नहीं देखेंगे, बल्कि उन्हें महसूस भी कर सकेंगे। फिल्म में बादलों की गर्जना के दौरान आवाज और कंपन, बारिश के दृश्यों में पानी की हल्की फुहार और तेज हवा के दौरान हवा का प्रभाव महसूस होगा। वहीं पहाड़ों से नीचे उतरने या तेज गति से आगे बढ़ने वाले दृश्यों के दौरान सीटें भी उसी अनुरूप हिलेंगी।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस प्रोजेक्ट में सरकार का पैसा नहीं लगा है, लेकिन इससे आय जरूर होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शकों को 14-डी थिएटर का अनुभव पसंद आएगा।
