इंदौर के भंवरकुआं थाना क्षेत्र में देर रात चाय की दुकान खुली रखने को लेकर पुलिसकर्मियों और दुकान संचालक के बीच विवाद का मामला सामने आया है। दुकान संचालक आशीष जैन ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट और अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता ने घटना से जुड़े CCTV फुटेज के साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत दी है।आशीष जैन के अनुसार, उसकी चाय की दुकान रात करीब ढाई से 3 बजे के बीच खुली हुई थी। उसने शिकायत में यह भी स्वीकार किया है कि इतनी देर रात दुकान खुली रखना नियमों के विपरीत था और इसके लिए उसने अपनी गलती मानी है। इसी दौरान FRV में तैनात पुलिसकर्मी गश्त करते हुए दुकान पर पहुंचे। दुकान खुली मिलने के बाद पुलिसकर्मियों और संचालक के बीच विवाद हो गया।शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान उसके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया गया। घटना CCTV कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है, जिसका फुटेज पुलिस अधिकारियों को सौंपा गया है।क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि आशीष जैन की ओर से एक लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।रात में दुकानें खुली रखने को लेकर शहर में लगातार कार्रवाई की जाती है। ऐसे में अब पुलिसकर्मियों पर लगाए गए मारपीट के आरोपों की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।
