इंदौर के आजाद नगर इलाके में कार की किस्त वसूली को लेकर विवाद के बाद रिकवरी एजेंटों पर ऑफिस में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने के आरोप लगे हैं। घटना मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के समर्थक बताए जा रहे कैटरिंग कारोबारी शिव पाटिल के ऑफिस की है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है।पुलिस के मुताबिक, पालदा निवासी शिव पाटिल कैटरिंग का काम करते हैं और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से जुड़े हुए हैं। 20 अगस्त को उनके ऑफिस में चार युवक पहुंचे। उन्होंने खुद को पिरामल फाइनेंस एनबीएफसी की ओर से कार लोन की रिकवरी के लिए आने वाला बताया।शिकायत के अनुसार, युवकों ने कार की दो किस्तें बाउंस होने की बात कहते हुए तत्काल भुगतान की मांग की। शिव पाटिल ने बताया कि किस्त बैंक की गलती के कारण बाउंस हुई है और कार बेचकर लोन फोरक्लोज करने की प्रक्रिया चल रही है।इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि युवकों ने शिव पाटिल, उनकी बेटी संस्कृति और बेटे यशवंत के साथ अभद्रता और मारपीट की। इसके बाद दोबारा ऑफिस में घुसकर गेट, कंप्यूटर और अन्य सामान में तोड़फोड़ की गई।घटना की सूचना मिलने पर आजाद नगर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज जब्त किए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कुछ युवकों को हिरासत में लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
