
जिले में अवैध मदिरा के विक्रय एवं परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर शिवम वर्मा के आदेश और सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के निर्देशन में विभाग की टीम ने महू-ब क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 34 पेटी अवैध मदिरा जब्त की है।मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आबकारी उपनिरीक्षक राजेश वट्टी एवं टीम ने सनराइज टाउन, बंजारी स्थित एक मकान पर दबिश दी। जांच के दौरान मौके से लंदन प्राइड व्हिस्की की 4 पेटी, लिमाउंट बीयर की 6 पेटी, देसी मदिरा प्लेन की 16 पेटी और देसी मदिरा मसाला की 8 पेटी बरामद हुई।कुल 34 पेटी में जब्त मदिरा की मात्रा 324 बल्क लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 लाख 54 हजार 160 रुपये है।मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के स्रोत और इसमें शामिल अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।कार्रवाई में मुख्य आरक्षक ओमप्रकाश राठौड़ एवं रवींद्र बघेल तथा आरक्षक सावन सिसोदिया और राशि सोलट का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विभाग ने अवैध मदिरा के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।
