इंदौर। पहचान छिपाकर युवती से दोस्ती करने, होटल ले जाकर दुष्कर्म करने और अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोप का मामला सामने आया है। पीड़िता ने श्री राजपूत करणी सेना के कार्यालय पहुंचकर मामले की जानकारी दी। इसके बाद लसूड़िया थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।पीड़िता का आरोप है कि वर्ष 2019 में आरोपी ने खुद को ‘वीरू’ बताकर उससे दोस्ती की और करीब छह महीने तक बातचीत करता रहा। 9 फरवरी 2020 को फिल्म दिखाने के बहाने उसे बॉम्बे हॉस्पिटल के पीछे स्थित एआर होटल ले गया, जहां उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए और अश्लील फोटो-वीडियो बना लिए।पीड़िता के मुताबिक, वर्ष 2022 में आरोपी ने दोबारा संपर्क कर शादी की बात कही। इनकार करने पर आरोपी ने फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी। बाद में मुलाकात के दौरान उसे आरोपी की असली पहचान वारिस शेख होने की जानकारी मिली। पीड़िता का आरोप है कि पहचान छिपाने को लेकर आपत्ति जताने पर आरोपी ने उस पर धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव बनाया और इनकार करने पर फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी।पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी के पास अन्य हिंदू युवतियों के अश्लील फोटो-वीडियो भी हैं और उन्हें ब्लैकमेल किया जा रहा है। इन आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही पुष्टि हो सकेगी।मामले में श्री राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष सहेंद्र सिंह दीक्षित, रणविजय सिंह तोमर, ऐश्वर्या शर्मा, अमित सिंह तोमर, मानसिंह राजावत सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। करणी सेना ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
