इंदौर। कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में मंगलवार को बुजुर्ग प्रकाश चंद्र लुनिया परिवार सहित पहुंचे और कलेक्टर शिवम वर्मा समेत संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।दरअसल, प्रकाश चंद्र लुनिया ने पूर्व में जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई थी कि न्यू पलासिया स्थित उनके मकान 9/11-सी पर महेंद्र पाटिल द्वारा कई वर्षों से बिना किराया दिए कथित रूप से कब्जा किया गया है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर शिवम वर्मा ने जूनी इंदौर एसडीएम को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए थे।इसके बाद माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 एवं नियम 2009 के तहत दोनों पक्षों को सुनने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई। कार्रवाई के तहत मकान को कब्जे से मुक्त कराकर बुजुर्ग आवेदक प्रकाश चंद्र लुनिया को उनका मकान वापस दिलाया गया।मकान वापस मिलने से संतुष्ट लुनिया मंगलवार को अपने परिवार के साथ जनसुनवाई में पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर शिवम वर्मा सहित सभी संबंधित अधिकारियों के प्रति धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।
