

इंदौर। इंदौर में प्रति मंगलवार आयोजित होने वाली जनसुनवाई जरूरतमंद परिवारों के लिए उम्मीद की किरण बन रही है। मूसाखेड़ी निवासी रामदयाल प्रजापति गंभीर किडनी बीमारी से जूझ रहे हैं। बीमारी के चलते उपचार के साथ परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया था। ऐसे में उन्होंने जनसुनवाई में अपनी समस्या रखी।कलेक्टर शिवम वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उपचार के साथ परिवार को आजीविका से जोड़ने के निर्देश दिए। प्रशासन की पहल से रामदयाल की पत्नी द्वारिका प्रजापति ने देवगुराड़िया क्षेत्र में चाय, आलू पराठे और भजिए की दुकान शुरू की। द्वारिका के मुताबिक दुकान से करीब एक हजार रुपए प्रतिदिन की आमदनी हो रही है, जिससे परिवार के खर्च और पति के उपचार में मदद मिल रही है।शिकायत लेकर आई थीं, आज आभार लेकर पहुंचींजनसुनवाई में समस्या लेकर पहुंचे रामदयाल और द्वारिका अब प्रशासन के प्रति आभार जताने कलेक्टर से मिलने पहुंचे। दंपति अपने हाथों से बनाए आलू के पराठे और भजिए भी लेकर आए। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और कलेक्टर शिवम वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।कलेक्टर ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल शिकायतों का निराकरण करना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों को वास्तविक राहत और सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराना भी है। मंगलवार को जनसुनवाई में आवास, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़े अनेक मामलों पर अधिकारियों ने कार्रवाई की। जिला पंचायत सीईओ हिमांशु प्रजापति सहित अन्य अधिकारियों ने भी आवेदकों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के निर्देश दिए।
