Oplus_131072
पुलिस का शिकंजा और कसा; आयोजकों समेत करीब 70 हिरासत में
धार। धार में प्रस्तावित वराह मार्च को लेकर मंगलवार को पुलिस-प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। अनुमति निरस्त होने के बावजूद मार्च निकालने की तैयारी के बीच पुलिस ने आयोजकों और समर्थकों को हिरासत में लेना शुरू कर दिया। दोपहर बाद सामने आई जानकारी के अनुसार अलग-अलग स्थानों से करीब 70 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें आयोजक अंशुल शर्मा और आशीष बसु भी शामिल बताए जा रहे हैं।मार्च को देखते हुए पीजी कॉलेज परिसर को सील कर दिया गया था और वहां किसी को प्रवेश नहीं दिया गया। कॉलेज परिसर में अस्थायी हिरासत केंद्र भी बनाया गया। त्रिमूर्ति चौराहे से पीजी कॉलेज और प्रस्तावित मार्ग पर बैरिकेडिंग कर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।लाट मस्जिद क्षेत्र में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस की तैनाती के साथ ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। रिपोर्टों के मुताबिक शहर में करीब 800 से 1000 तक पुलिस जवानों की तैनाती की गई है।प्रशासन पहले ही स्पष्ट कर चुका था कि प्रतिबंधात्मक आदेश के बीच बिना अनुमति किसी भी रैली या जुलूस को आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस की सख्ती के चलते प्रस्तावित वराह मार्च की कोशिश नाकाम रही और प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी है।
