इंदौर। शहर में सड़क धंसने का एक और मामला सामने आया है। पंढरीनाथ इलाके में अचानक सड़क धंसने से अनुमानित 10 फीट से ज्यादा गहरा गड्ढा बन गया। जिस समय अधिकारी झांकी मार्ग का निरीक्षण कर रहे थे, उसी दौरान सड़क धंसने की जानकारी सामने आई। यह स्थान राजवाड़ा से कुछ ही दूरी पर है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले इसी क्षेत्र में नर्मदा पाइपलाइन को लेकर काम हुआ था, जिसके बाद सड़क के रेस्टोरेशन और निर्माण गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि सड़क प्राकृतिक रूप से धंसी है। विजय नगर और न्यू लोहा मंडी के बाद अब पंढरीनाथ में सड़क धंसने की घटना सामने आने से शहर में सड़क निर्माण और रेस्टोरेशन की गुणवत्ता पर फिर चर्चा शुरू हो गई है।
