पुलिस ने गांव में निकाला जुलूस; परिजनों ने लगाए थे ब्लैकमेलिंग और प्रताड़ना के आरोप
धार। जिले के गुणावद गांव में महिला की आत्महत्या के मामले में सादलपुर पुलिस ने आरोपी आबिद उस्मान पटेल को गिरफ्तार किया है। मृतका के परिजनों ने आरोपी पर महिला को दबाव में रखने, शोषण और ब्लैकमेलिंग करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का आरोप है कि इन्हीं परिस्थितियों से परेशान होकर महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।
महिला की मौत के बाद ग्रामीणों और समाजजनों में आक्रोश था। आरोपी की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर गुणावद रोड पर प्रदर्शन भी किया गया था। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी का गांव में जुलूस निकालने की मांग की थी।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद सादलपुर पुलिस उसे सुरक्षा के बीच गांव के मुख्य मार्गों से लेकर गई। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क किनारे जमा हो गए। मामले में पुलिस अब महिला की आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों और आरोपी की भूमिका से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
