डही- शांतिलाल मालवीया
डही नगर के मुख्य मार्ग पर बीती रात करीब 2 बजे चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। अनिल मालवीया के निवास में पीछे की ओर से घुसे चोरों ने पांच दरवाजों के ताले तोड़कर अलमारी और कबाड़ तोड़ दिए। चोर करीब ढाई लाख रुपए के जेवरात और एक लाख रुपए नकद लेकर फरार हो गए।घर में चोरों की मौजूदगी का आभास होते ही परिवार ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल पुलिस और पड़ोसियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही डही पुलिस के साथ नगरवासी भी चोरों की तलाश में जुट गए।तलाशी के दौरान डही से करीब 3 किलोमीटर दूर नरझली मार्ग पर चार मोटरसाइकिलों से संदिग्धों को भागते हुए देखा गया। पीछा किए जाने पर संदिग्ध तीन मोटरसाइकिलें छोड़कर खेतों की ओर भाग निकले। इसके बाद डही पुलिस के साथ डही, नरझली और छिंदिया के ग्रामीणों ने पूरी रात संयुक्त रूप से घेराबंदी और सर्च अभियान चलाया।लगातार तलाश के बाद सुबह तक तीन संदिग्ध चोरों को पकड़ने में सफलता मिली। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और चोरी में शामिल अन्य आरोपियों व स्थानीय मुखबिर की तलाश जारी है।घटना के बाद नागरिकों की सजगता और पुलिस के साथ उनके सहयोग की क्षेत्र में सराहना हो रही है। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि मामले की पूरी जांच कर चोरी में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।
