उज्जैन। उज्जैन से इंदौर जा रही एक यात्री बस में मंगलवार दोपहर रामवास क्षेत्र के पास अचानक भीषण आग लग गई। हादसे के वक्त बस में करीब 12 यात्री सवार थे। बस से धुआं उठता देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने बस से कूदकर अपनी जान बचाई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रामवास क्षेत्र में बस का टायर फटने के बाद बस अनबैलेंस हुई और इसी दौरान आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की जानकारी नहीं है।घटना की सूचना के करीब 45 मिनट बाद चार फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचीं। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी और सिर्फ उसका चेचिस बचा।बस पर ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ लिखा हुआ दिखाई दे रहा था। सामने आए वीडियो में भी बस के आगे यही नाम नजर आ रहा है। हालांकि बस की पहचान को लेकर कलेक्टर और RTO के बयान अलग-अलग सामने आए हैं।उज्जैन कलेक्टर रोशन सिंह ने बस को निजी ऑपरेटर की बताया, जबकि RTO संतोष मालवीय के मुताबिक यह सूत्र सेवा की बस थी। RTO ने बताया कि यही बस हाल ही में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के कार्यक्रम के लिए भोपाल भी गई थी। बस की पहचान को लेकर संबंधित विभाग से जानकारी जुटाई जा रही है।फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
