Oplus_131072
इंदौर। विजय नगर थाना क्षेत्र के स्कीम नंबर 74 में किराएदार छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, खातेगांव निवासी दिशांत यहां मकान मालिक रवि वर्मा के मकान में किराए से रहता है। रात करीब 9 बजे दिशांत अपने दोस्तों के साथ हंसी-मजाक कर रहा था। आवाज सुनकर मकान मालकिन नीचे आईं और छात्र से बातचीत के दौरान विवाद हो गया।आरोप है कि इसी दौरान मकान मालकिन के भतीजे ने गाली-गलौज करते हुए दिशांत के साथ मारपीट कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसके बाद छात्र पक्ष ने पुलिस को सूचना दी और थाने पहुंच गया। वहीं मकान मालिक रवि वर्मा भी अपनी पत्नी और अन्य लोगों के साथ थाने पहुंच गए। दोनों पक्षों के थाने पहुंचने के बाद वहां जमकर हंगामा हुआ और एक-दूसरे पर आरोप लगाए गए। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने में बैठाया है। पुलिस का कहना है कि मामले में दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
