इंदौर। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने सफाई मित्रों से अपील करते हुए कहा कि इंदौर की स्वच्छता और सफाई व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार का भ्रम फैलाने तथा शहर में कचरा फैलाकर माहौल खराब करने का प्रयास निंदनीय है।महापौर ने कहा कि इंदौर की स्वच्छता किसी एक व्यक्ति या व्यवस्था की नहीं, बल्कि शहर के नागरिकों और सफाई मित्रों की वर्षों की मेहनत, निष्ठा और समर्पण का परिणाम है। जनभागीदारी और सफाई मित्रों की मेहनत ने इंदौर को देश के अग्रणी स्वच्छ शहरों में पहचान दिलाई है।उन्होंने सफाई मित्रों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि उनकी उचित मांगों और आवश्यक विषयों को संबंधित मंच तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। महापौर ने सफाई मित्रों को इंदौर की स्वच्छता का असली नायक बताते हुए कहा कि उनकी मेहनत को सलाम और उनका सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है।
