चंदन नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ₹27.25 लाख का मशरूका जब्त; गुजरात तक जुड़े तारों की जांच जारी
इंदौर। खबर सत्याग्रह। इंदौर में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे राज्यस्तरीय अभियान के तहत चंदन नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चंदन नगर चौराहे पर M.R. Travels की यात्री बस (क्रमांक NL01B1500) से 120.75 बल्क लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। जब्त शराब की कीमत करीब 2.25 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से सागर सालट (25), निवासी गुजरात, सुनील वसुनिया (34), निवासी धार और रतन प्रजापत (21), निवासी बाड़मेर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में करीब 25 लाख रुपए कीमत की यात्री बस सहित कुल 27.25 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया गया है। मामले में अपराध क्रमांक 1321/2026 के तहत धारा 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस इंदौर-बड़ोदरा (गुजरात) के बीच जुड़े अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है। इसके लिए आरोपियों से पूछताछ के साथ बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं।
