इंदौर। दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में मोबाइल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खजराना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने C-21 एस्टेट ग्राउंड से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो दिल्ली और लखनऊ से इंदौर मोबाइल चोरी करने पहुंचे थे।जानकारी के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने गोल्ड और सिल्वर पास के जरिए कॉन्सर्ट में एंट्री की थी। इसके बाद भीड़ का फायदा उठाकर लोगों के मोबाइल चोरी कर रहे थे। मोबाइल चोरी की सूचना मिलने पर खजराना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नाजिम निवासी दिल्ली और सुरेंद्र निवासी लखनऊ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 आईफोन और 3 सैमसंग सहित कुल 6 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों और अंतरराज्यीय नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
