इंदौर। शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए इंदौर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत हीरानगर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12.52 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी से मादक पदार्थ के स्रोत के संबंध में पूछताछ की जा रही है।पुलिस के मुताबिक, पुलिस आयुक्त संतोष सिंह के निर्देश पर मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मयंक अवस्थी, पुलिस उपायुक्त जोन-3 अभिषेक रंजन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ओमप्रकाश एवं सहायक पुलिस आयुक्त हीरानगर रुबीना मिजवानी के निर्देशन में हीरानगर थाना पुलिस को नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।इसी अभियान के तहत 19 नवंबर 2026 को हीरानगर पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमण एवं संदिग्धों की जांच कर रही थी। इस दौरान शक्करखेड़ी-भानगढ़ क्षेत्र में एक युवक संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर युवक भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से पारदर्शी प्लास्टिक की थैली में भूरे-मटमैले रंग का पाउडर बरामद हुआ। पुलिस और पंचों ने पदार्थ को ब्राउन शुगर के रूप में पहचाना। विधिवत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 12.52 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि पिता कमलेश मिश्रा, उम्र 27 वर्ष, निवासी गली नंबर 6, अवंतिका नगर, थाना बाणगंगा, इंदौर के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध थाना हीरानगर में अपराध क्रमांक 1114/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ की सप्लाई और उसके स्रोत को लेकर पूछताछ कर रही है।पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है, जिसमें विभिन्न थानों में दर्ज प्रकरण शामिल हैं।इस कार्रवाई में प्रभारी थाना प्रभारी कमल किशोर, उप निरीक्षक गौरव तिवारी, प्रधान आरक्षक कालीचरण, आरक्षक विश्व रतन परिहार और आरक्षक अजय प्रताप की सराहनीय भूमिका रही।
