उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में संध्या आरती के दौरान श्रद्धालुओं के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना बीती रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है, जब इंदौर से आए श्रद्धालु दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे थे।आरोप है कि मंदिर में तैनात KORE सिक्योरिटी कंपनी की महिला गार्ड ने श्रद्धालुओं के साथ बदसलूकी करते हुए हाथ उठाया और उन्हें पकड़-पकड़कर बाहर निकालने की कोशिश की। वहीं अन्य गार्ड भी धक्का-मुक्की करते नजर आए। इस दौरान श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंची है।घटना के बाद पीड़ित श्रद्धालुओं ने मंदिर के कंट्रोल रूम पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। वहां मौजूद सिक्योरिटी कंपनी के अधिकारियों ने माफी मांगते हुए मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि संबंधित महिला गार्ड ने कंट्रोल रूम में भी अभद्र व्यवहार जारी रखा।इस घटना का वीडियो श्रद्धालुओं द्वारा खबर सत्याग्रह की टीम को उपलब्ध कराया गया है। वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि एक महिला सुरक्षा गार्ड श्रद्धालुओं पर हाथ उठाती नजर आ रही है, जबकि अन्य सुरक्षा कर्मी उनके साथ धक्का-मुक्की करते दिखाई दे रहे हैं।श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मांग की है कि सुरक्षा गार्डों को संयम और शालीनता का प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और बाहर से आने वाले भक्तों को सम्मानजनक माहौल मिल सके।
- दिव्यांशु परमार, खबर सत्याग्रह, इंदौर
