
इंदौर। निपानिया स्थित शिव वाटिका में सागर समृद्धि बिल्डिंग की महिला इंजीनियर शंपा पाठक पांडे की कार से कुचलकर हत्या करने वाले आरोपी मोहनीश और उसके पिता कुलदीप चौधरी को लसूड़िया पुलिस ने दो दिन के रिमांड पर लिया है। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से रविवार तक रिमांड मंजूर किया गया है।थाने में बंद मोहनीश अपनी करनी पर रोता नजर आया। उसने पुलिस के सामने गिड़गिड़ाते हुए कहा कि उससे गलती हो गई है। पुलिस रिमांड के दौरान दोनों आरोपियों से मामले में पूछताछ करेगी और उनकी शिनाख्त भी कराएगी।टीआई तारेश सोनी के मुताबिक, अभी मामले में कुछ अहम गवाहों के बयान होना बाकी हैं, जिनमें मृतका के पति सौरभ और अन्य लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मजबूत प्रकरण तैयार किया जा रहा है, ताकि उन्हें आगे कानूनी राहत न मिल सके।जांच में सामने आया है कि मोहनीश उर्फ मोहित बिगड़ैल प्रवृत्ति का है और अपनी सोशल मीडिया आईडी पर तेज ड्राइविंग और धमकी भरे वीडियो पोस्ट करता था। उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं है। घटना के दौरान उसने अपने दोस्तों को भी बुलाया था, लेकिन कोई मदद के लिए नहीं पहुंचा।फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
